
मुंगेली – नगर में इन दिनों सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा आम बात हो गई है। हालात ऐसे बन गए हैं मानो मवेशी खुद ही कह रहे हों – “हम तो रहेंगे सड़कों पर, जाना है तो किनारे से जाओ।” यह नजारा नगर के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और पुलों पर रोजाना देखने को मिल रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शाम होते ही बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर उतर आते हैं और बीच सड़क पर बैठकर या खड़े होकर यातायात को बाधित करते हैं। बात चाहे नगर की हो या जिला मुख्यालय सहित जिला पंचायत जनपद पंचायत के आस पास की जगह वाहन चालकों को मजबूरन किनारे-किनारे निकलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। कई बार अचानक मवेशियों के सामने आ जाने से बाइक सवार गिर जाते हैं या वाहन आपस में टकरा जाते हैं।
स्थिति की गंभीरता के बावजूद प्रशासन की पकड़ इस समस्या पर कमजोर नजर आ रही है। नगरीय क्षेत्र में नगर पालिका की ओर से भी कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। मवेशियों को सड़कों से हटाने या उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए कोई प्रभावी अभियान नजर नहीं आता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार केवल औपचारिकता निभाते नजर आते हैं। अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यह स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मवेशियों के सड़क पर घूमने पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि यातायात सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
