मुंगेली – शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन और नगर पालिका द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर के चारों प्रमुख मार्गों पर लाखों रुपये की लागत से प्रवेश द्वारों का निर्माण, गौरव पथ का सौंदर्यीकरण तथा विभिन्न विकास कार्य इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि शहर की एक बड़ी समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है और वह है आवारा मवेशियों का बढ़ता आतंक।
सोमवार शाम शहर के व्यस्त मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दो आवारा सांड आपस में भिड़ गए। दोनों सांडों के बीच शुरू हुई लड़ाई देखते ही देखते उग्र हो गई और सड़क के बीचों-बीच उनका संघर्ष जारी रहा। अचानक हुई इस घटना के कारण सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े। कई राहगीर और दुकानदार भी सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों सांडों के बीच लगभग आधे घंटे तक संघर्ष चलता रहा।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नगर में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा आम बात हो गई है। कई बार इनके कारण सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, वहीं दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ता है। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नजर नहीं आ रहे हैं।
नागरिकों का कहना है कि जिस प्रकार प्रशासन और नगर पालिका शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, उसी गंभीरता से आवारा मवेशियों की समस्या पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। लोगों का मानना है कि शहर की सुंदरता केवल विकास कार्यों और सौंदर्यीकरण से ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था से भी तय होती है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा मवेशियों के लिए उचित प्रबंधन किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से आम लोगों, वाहन चालकों और दुकानदारों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे तथा शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
