शैक्षणिक व्यवस्था पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: कलेक्टर
बी ई ओ, प्रधान पाठक एवं संकुल समन्वयक को नोटिस जारी
मुंगेली – मुंगेली विकासखंड के ग्राम नेवासपुर स्थित माध्यमिक शाला में भारी बारिश के कारण हुए जलभराव और कीचड़ की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा समय पर अव्यवस्था की सूचना नहीं देने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विमित्रा घृतलहरे, विद्यालय के प्रधान पाठक एवं संकुल समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय लो-लाइन क्षेत्र में स्थित होने के कारण पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद परिसर में जलभराव एवं कीचड़ की स्थिति बन गई थी। इस संबंध में मीडिया एवं सोशल मीडिया में समाचार प्रसारित होने के बाद कलेक्टर ने तत्काल जांच के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि कलेक्टर द्वारा शिक्षा विभाग की बैठक लेकर स्कूलों की समय-समय पर निरीक्षण करने तथा विद्यालयों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, एवं विद्यालयों में किसी भी प्रकार की समस्या होने की स्थिति में तत्काल अवगत कराने स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भी समय पर अव्यवस्था संबंधित सूचना नहीं देने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि बेहतर शैक्षणिक परिवेश, बच्चों के उज्जवल भविष्य की आधारशिला है। जिले के प्रत्येक विद्यालय में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ, अनुशासित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को भी नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त करते हुए स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
