200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, नकदी, पिकअप सहित करीब 10 लाख की संपत्ति बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
मुंगेली – जिले में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से 200 कट्टी चावल, करीब 100 क्विंटल, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों से अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पतासाजी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला तथा संबंधित पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
मामले में थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से 5-6 अगस्त की दरमियानी रात 76 कट्टी चावल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चोरी गए चावल का वजन करीब 38 क्विंटल और कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई गई। इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की उचित मूल्य दुकान से 25 कट्टी चावल, करीब 12.5 क्विंटल, जिसकी कीमत 21,875 रुपये थी, चोरी किए जाने की रिपोर्ट सामने आई।
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में भी चोरों ने धावा बोलते हुए गोदाम में रखे करीब 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी कर ली थी। इस मामले में चोरी गई सामग्री की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को ग्राम चिरोटी के पूर्व में चोरी के मामलों से जुड़े आरोपियों तथा ग्राम बावली के कुछ युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। 10 अगस्त को डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण कर मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बावली निवासी विजलेश कौशिक, राजू श्रीवास और महेंद्र निषाद तथा बिलासपुर के जुनापारा निवासी व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहुजा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चोरी किए गए चावल को पिकअप वाहन से बिलासपुर क्षेत्र में ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सीजी 28 क्यू 3669 पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरियां, एक चाकू, प्लास्टिक थैलियां, लोहे का रॉड, दो मोबाइल फोन, 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों से अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा स्थित सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर करीब 45 कट्टी चावल चोरी करने तथा सिरगिट्टी क्षेत्र में भी सोसायटी दुकान से चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा अन्य चोरी की घटनाओं में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में फरार आरोपियों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की पतासाजी जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से भी संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना देने की अपील की है। गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश कौशिक (22), राजू श्रीवास (20), महेन्द्र निषाद (21), तीनों निवासी ग्राम बावली तथा व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहुजा (50), निवासी जुनापारा बिलासपुर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 कट्टी चावल (100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल सहित करीब 10 लाख रुपये की जप्तशुदा सामग्री बरामद की है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों से संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना पुलिस को देने और घर-दुकानों में सीसीटीवी लगाने की अपील की है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
