
मुंगेली – जिले के नवपदस्थ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात जिला कलेक्टोरेट स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागवार कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान खाद्य, उद्योग, आबकारी, आदिवासी विकास, खनिज, विपणन, खेल, महिला एवं बाल विकास, श्रम, मत्स्य पालन, एनआईसी कक्ष सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से विभाग में संचालित योजनाओं, सेवाओं एवं गतिविधियों की जानकारी ली तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर बेहतर कार्य करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरल, पारदर्शी और समय पर पहुंचे। इसके लिए विभागीय अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए योजनाओं की सतत निगरानी करें तथा आमजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, विभागीय कार्यप्रणाली एवं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.