
मुंगेली – सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर नगर के शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा-अर्चना एवं भव्य श्रृंगार किया गया। इस दौरान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने श्रद्धा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प एवं पूजन सामग्री अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव का मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भोलेनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में पूरे दिन भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना रहा। भजनों के साथ श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते नजर आए।
दिनभर चले भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम को विधि-विधान से भगवान शिव की आरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने सामूहिक रूप से भगवान भोलेनाथ की आरती कर आशीर्वाद लिया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना करने से मन को विशेष शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.