मुंगेली, – छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा जिला जेल मुंगेली का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं विधिक सहायता की स्थिति का जायजा लिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतीश कुमार खाखा ने जिला जेल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल में विचाराधीन बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन व्यवस्था एवं साफ-सफाई का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन से बंदियों की दैनिक आवश्यकताओं एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री खाखा ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता की स्थिति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा जिन बंदियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उन्हें नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के साथ मानवीय एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी मूलभूत आवश्यकताओं, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने कहा कि कोई भी बंदी आवश्यक विधिक सहायता से वंचित न रहे और पात्र बंदियों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध हो। निरीक्षण के दौरान सिविल जज जूनियर डिवीजन मुंगेली कु. सिमर प्रीत सलूजा एवं यश मौर्य और जेल अधीक्षक कु. ममता पटेल उपस्थित रहीं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.