मुंगेली – जिला जेल मुंगेली में रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और भाई-बहन के स्नेह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जेल में 159 बंदियों को उनकी 567 बहनों ने रक्षा सूत्र (राखी) बांधा और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। जेल प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
सहायक जेल अधीक्षक सुश्री ममता पटेल ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जेल में आने वाली बहनों एवं परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां की गई थीं। पूर्व में मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों से अनुरोध किया गया था कि वे अपने साथ कोई भी आपत्तिजनक वस्तु जैसे मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ, रुपये आदि लेकर न आएं। जेल परिसर में केवल रक्षा सूत्र (राखी) एवं मिठाई लाने की अनुमति दी गई थी, ताकि जेल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो और रक्षाबंधन पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके।
आयोजन के सुचारू संचालन के लिए सहायक जेल अधीक्षक द्वारा जेल कर्मचारियों को पृथक-पृथक दायित्व सौंपे गए थे। कर्मचारियों ने पूरी लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। जेल पहुंचने वाली बहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश कराया गया और उन्होंने निरूद्ध बंदियों को रक्षा सूत्र बांधा। इसके बाद बंदियों को मिठाई खिलाकर बहनों को सुरक्षित रूप से जेल परिसर से बाहर भेजा गया। रक्षाबंधन के इस अवसर पर भाई-बहनों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और पारिवारिक स्नेह का वातावरण देखने को मिला। जेल प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के कारण बहनों को मुलाकात एवं राखी बांधने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.