मुंगेली, 31 अगस्त। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली और शिक्षकों की समस्याओं को लगातार अनदेखा करने से शिक्षक संवर्ग में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में आज छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा, जिला इकाई मुंगेली ने BEO मुंगेली को 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर जमकर नाराजगी जताई….
मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक संजय उपाध्याय एवं जिला संयोजक दीपक बेंताल ने कहा कि शिक्षकों द्वारा महीनों से अपनी समस्याओं को लेकर गुहार लगाई जा रही है, मौखिक रूप से कई बार अवगत कराया गया, लेकिन शिक्षा अधिकारी द्वारा आज तक एक भी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। अधिकारियों की इस उदासीनता से शिक्षकों का सब्र का बाँध टूट रहा है।
मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
7 सूत्रीय मांगें जिन पर शिक्षक हैं आक्रोशित –
1. संतान पालन सहित अन्य अवकाशों की प्रविष्टि समय पर नहीं हो रही है।
2. TET उत्तीर्ण शिक्षकों के प्रमाण पत्र सर्विस बुक में लेट – लतीफ चढ़ाए जा रहे है जबकि कैम्प लगाकर होना था साथ ही साथ GPF पासबुक अपडेट के लिए भी शिविर नहीं लगाया जा रहा।
3. CG SCHOOL IN पोर्टल में अवकाश आज तक अपडेट नहीं, जिससे शिक्षकों को अवकाश लेने में परेशानी हो रही है।
4. महिला शिक्षकों के संतान पालन अवकाश को जानबूझकर लटकाया जा रहा है, प्रक्रिया को सरल किया जाए।
5. कई शिक्षकों का अवकाश और वेतन महीनों से लंबित है।
6. BEO कार्यालय में शिक्षकों की सुनवाई नहीं, शिकायत पंजी तक नहीं रखी गई।
7. प्रतियोगी/ उच्च परीक्षाओं की अनुमति समय पर नहीं दी जा रही, जिससे शिक्षकों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सह संयोजक संजय उपाध्याय, जिला संयोजक दीपक बेंताल, लक्ष्मीकांत जडेजा, नेमीचंद भास्कर, ब्लॉक संयोजक दुर्गेश देवांगन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.