मुंगेली – पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के विस्तार के संकल्प के साथ स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के दसवें वर्ष का 9वां चरण इस बार बहनों को समर्पित रहा। रक्षाबंधन के पावन पर्व की स्मृतियों को संजोते हुए संस्था के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के 35 पौधों का रोपण खैरवार रोड में कर पर्यावरण संरक्षण के साथ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को प्रकृति से जोड़ने का अनूठा संदेश दिया।

अभियान के तहत नीम, कदम, बादाम, गुलमोहर, जामुन, करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। संस्था का कहना है कि पौधरोपण केवल एक पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना ही वास्तविक पर्यावरण सेवा है।
इस अवसर पर संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना को प्रकृति से जोड़ते हुए इस चरण को बहनों के नाम समर्पित किया गया है। जिस तरह बहन की रक्षा का संकल्प भाई लेता है, उसी तरह आज हम सभी को प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संस्था के सह संयोजक रामशरण यादव ने कहा कि पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे अनमोल विरासत हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में छाया, ऑक्सीजन, फल और जीवनदायी वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक शुभ अवसर को पौधरोपण से जोड़ें और पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
गौरतलब है कि ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के माध्यम से स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी पिछले कई वर्षों से लगातार पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है। अभियान के प्रत्येक चरण में अलग-अलग सामाजिक सरोकारों को जोड़कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सँस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसयोंजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, दीपक जैन, रणवीर सिंह, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, सुनील वाधवानी, मुकेश पांडेय, देवशंकर श्रीवास्तव, पप्पू शर्मा, कोमल चौबे, नागेश साहू, आर्या सिंह, संदीप सिंह, रवि साहू, आशीष सिंह, श्रेयांश बैद, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, चित्रकान्त सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, परमेश्वर देवांगन, सुरेश यादव सहित पर्यावरण प्रेमी प्रियांक गुप्ता, सोमेश नंदवानी, आदर्श केशरवानी, प्रद्युम्न सिंह, सागर वैष्णव, सुमित उपाध्याय, जयकुमार मार्को उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.