मुंगेली – शिक्षा के क्षेत्र में 35 वर्ष 7 माह 11 दिन तक समर्पण, सादगी और कर्मठता के साथ अपनी सेवाएं देने वाले शासकीय हाई स्कूल धौराभाठा के प्राचार्य अजय नाथ 31.03.2026 सेवानिवृत्त हो गए। अपने लंबे सेवाकाल में व्याख्याता से लेकर प्राचार्य और सहायक जिला परियोजना अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभालते हुए कुशल शिक्षाविद के रूप में शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान दिया। जो मुंगेली और बिलासपुर जिले के लिए गौरव की बात रही ।
अजय नाथ की प्रथम नियुक्ति 19 नवंबर 1990 को व्याख्याता राजनीति विज्ञान के पद पर बिलासपुर जिले के शिक्षा विभाग में हुई थी। उन्होंने विभिन्न शासकीय विद्यालयों में अध्यापन कार्य करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में योगदान दिया। वर्ष 1995 से 1999 तक वे संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर कार्यालय में संभागीय समन्वयक के रूप में कार्यरत रहे। इसके बाद उन्होंने प्राचार्य, प्रभारी अधिकारी विधि प्रकोष्ठ, योजना अधिकारी एवं सहायक कार्यक्रम समन्वयक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
प्राचार्य पद पर पदोन्नति के बाद 28 सितंबर 2011 को उन्होंने शासकीय हाई स्कूल मदकु , जिला मुंगेली में कार्यभार ग्रहण किया। इसके पश्चात 5 अगस्त 2016 से 17 अक्टूबर 2025 तक जिला परियोजना कार्यालय मुंगेली, समग्र शिक्षा में सहायक जिला परियोजना अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। लगभग नौ वर्षों तक मुंगेली जिला कार्यालय में कार्य करते हुए उन्होंने शिक्षा विभाग की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे बोर्ड परिक्षाओं में शत प्रतिशत परिणाम, जिले में संचालित सुपर 100 कोचिंग, सहित चुनावो में एवं दायित्वों को जिम्मेदारीपूर्वक संभाला। इसके बाद उनका स्थानांतरण शासकीय हाई स्कूल धौराभाठा, जिला बिलासपुर में हुआ, जहां उन्होंने प्राचार्य के पद पर कार्य करते हुए अपनी सेवा पूर्ण की। अजय नाथ छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर की परीक्षा, वित्त एवं कार्यकारिणी समितियों में सदस्य के रूप में भी दायित्व निभा चुके हैं। सहकर्मियों के बीच वे शांतप्रिय, नेकदिल, सरल, स्नेहिल और कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में विशिष्ट पहचान रखते रहे। समस्त शाला परिवार ने उनके सेवानिवृत्त जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.