
मुंगेली – छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में 04.09.2026 को जिला मुंगेली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला मुंगेली सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल द्वारा राजा गुरु बालक दास जयंती के अवसर पर आयोजित सामाजिक रैली में शामिल लगभग 8,000 नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध घटित होने पर तत्काल शिकायत करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
इसी क्रम में थाना पथरिया में थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत लगभग 150-200 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। आमजन को अज्ञात कॉल, मैसेज एवं लिंक से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना सरगांव क्षेत्र में थाना प्रभारी श्री अशोक यादव, प्रधान आरक्षक नवीन जांगड़े एवं भानु प्रकाश सहारे द्वारा साप्ताहिक बाजार ग्राम बावली एवं ग्राम साँवा में आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं थाना जरहागांव में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शोभा यादव द्वारा ग्राम दशरंगपुर बाजार में उपस्थित लोगों को साइबर ठगी से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।

इसी प्रकार थाना लोरमी परिसर में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, प्रधान उप निरीक्षक तेजकुमार मरकाम एवं राधिका यादव द्वारा ग्रामीणों को साइबर जागरूकता संबंधी जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाता अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
मुंगेली पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” के माध्यम से लगातार स्कूलों, बाजारों, सामाजिक आयोजनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि आमजन डिजिटल तकनीक का सुरक्षित एवं सजग तरीके से उपयोग कर सकें।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.