भवन निर्माण ठेकेदार संघ मुंगेली लगातार आठवें वर्ष करेगा प्रतिमा स्थापना, विशाल भंडारे का भी आयोजन
मुंगेली। देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती को लेकर शहर में तैयारियां जोरो पर हैं। भवन निर्माण ठेकेदार संघ मुंगेली द्वारा लगातार आठवें वर्ष नगर के आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। 17 सितंबर को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ देवशिल्पी की प्रतिमा विराजित की जाएगी। नगर मेँ जगह जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं।
भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प, वास्तुकला और तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों का आराध्य माना जाता है। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भवन निर्माण, कारीगरी, मशीनरी एवं विभिन्न तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भवन निर्माण ठेकेदार संघ मुंगेली द्वारा प्रतिवर्ष प्रतिमा स्थापना का आयोजन किया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में प्रतिमा स्थापना के साथ पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में ठेकेदार, निर्माण कार्य से जुड़े कारीगर, श्रमिक एवं नगरवासी शामिल होंगे।
इस अवसर पर संघ की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। लगातार आठवें वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर संघ के सदस्यों में उत्साह है। आयोजकों ने नगरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.