मुंगेली – विकास खण्ड के ग्राम सोढ़ार गांधी नगर निवासी नंदरानी साहू जो कि पेशे से एक निर्माण श्रमिक है को जब वह गर्भवती थी , इस बात की चिंता सता रही थी कि गर्भावस्था के अंतिम दिनों से लेकर प्रसव के तुरंत बाद उनके कार्य में ना जाने की वजह से जो आर्थिक नुकसान एवं कठिनाईयों का सामना उन्हें करना पड़ेगा , उसकी क्षतिपूर्ति किस तरह से की जायेगी। ऐसेमें छ0ग0 शासन श्रम विभाग की मिनीमाता महतारी जतन योजना उनके लिए एक बड़ी राहत के रूप में सामने आयी। मिनीमाता महतारी जतन योजनान्तर्गत प्रसव के उपरान्त नंदरानी साहू द्वारा आनलाईन आवेदन प्रस्तुत करने पर उन्हें एकमुश्त 20 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। यह राशि उनके लिए ना केवल प्रसव के बाद आने वाले खर्चो में काम आयी बल्कि जननी एवं नवजात शिशु को त्वरित पोषण दिलाने में भी सहायक साबित हुई।
हितग्राही नंदरानी साहू द्वारा योजना का लाभ मिलने पर बताया गया कि उनके द्वारा द्वितीय प्रसव हेतु आनलाईन आवेदन किया गया था। शासन से प्राप्त उक्त आर्थिक सहायता उनके एवं परिवार के लिए उपयोगी रही। इस सहयोग से प्रसव के पश्चात् आने वाली आवश्यकताओं एवं खर्चो जैसे-दवाईयां पोषण आहार नवजात शिशु हेतु कपडे़ एवं अन्य घरेलू आधारभूत जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली।
श्रम पदाधिकारी मुंगेली श्रीमती नचिकेता तिवारी द्वारा बताया गया कि छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग द्वारा संचालित मिनीमाता महतारी जतन योजना का उद्देश्य महिला श्रमिक एवं उनके परिवार में प्रसव के पश्चात् आने वाली आवश्यकताओं को पूरा करना एवं आर्थिक रूप से संबल बनाना है। नंदरानी साहू को मिला 20 हजार रूपये का लाभ इसका उदाहरण है जिनसे उनके एवं उनके परिवारको जरूरत के समय आर्थिक सहारा प्राप्त हुई। नंदरानी साहू की तरह ही इस वित्तीय वर्ष 2026-27 में अबतक 594 महिला निर्माण श्रमिकों को प्रति प्रसव 20 हजार रूपये के मान से कुल राशि रूपये 01 करोड़ 18 लाख 80 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है एवंअसंगठित क्षेत्र के 261 महिला श्रमिकों को महतारी जतन योजना के तहत कुल राशि रूपये 52 लाख 20 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान किया गया है। श्रम पदाधिकारी द्वाराअवगत कराया गया कि निर्माणी एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन नवीनीकरण एवं ई-केवाईसी हेतु जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है जिसका लाभ श्रमिक अपने ग्राम पंचायत के शिविर स्थल में उपस्थित होकर प्राप्त कर सकते है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.