मुंगेली। दूसरे शहरों की तर्ज पर अब नकली सिगरेट का कारोबार मुंगेली जिले में भी पैर पसारने लगा है। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसकी पहुंच बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बाजार में नकली सिगरेट की मौजूदगी से उपभोक्ताओं की सेहत और उनकी जेब, दोनों पर खतरा मंडराने लगा है। इसके बावजूद इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में ठोस कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
ज्ञात हो कि कुछ समय पहले जिले के समीपस्थ बिलासपुर में भी नकली सिगरेट का बड़ा मामला सामने आया था। यहां व्यापार विहार स्थित एक व्यापारी के गोदाम में छापेमारी के दौरान नकली सिगरेट का बड़ा जखीरा बरामद किया गया था। इस कार्रवाई ने अवैध कारोबार के फैलते नेटवर्क को उजागर किया था। अब इसी तरह की गतिविधियों की चर्चा मुंगेली में भी होने लगी है।
गौरतलब है कि त्योहारी सीजन में बाजारों में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों सहित अन्य संदिग्ध उत्पादों की आवक बढ़ने की आशंका रहती है। अधिक मुनाफा कमाने की होड़ में कुछ कारोबारी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को नजरअंदाज करने से भी पीछे नहीं हटते। नकली सिगरेट का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण और उनमें इस्तेमाल किए गए पदार्थों की जानकारी भी उपभोक्ताओं को नहीं होती।
इसी तरह की आशंकाओं को देखते हुए कुछ दिनों पूर्व जिला प्रशासन की टीम ने मिठाई दुकानों, किराना दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए थे। अब आवश्यकता है कि प्रशासन और संबंधित विभाग बाजार में बिक रही सिगरेट की गुणवत्ता तथा वैधता की भी जांच करें।
शहरवासियों ने मांग की है कि नकली सिगरेट के संभावित कारोबार की निष्पक्ष जांच कर इसके स्रोत और वितरण नेटवर्क का पता लगाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ हो रहे संभावित खिलवाड़ पर रोक लगाई जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.