
78 ग्रामीणों की शुगर जांच, निःशुल्क दवा वितरण के साथ मधुमेह की गंभीर जटिलताओं एवं बचाव के उपायों के प्रति किया जागरूक
मुंगेली – राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NCD) के अंतर्गत विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर ग्राम भथरी में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 78 ग्रामीणों की ब्लड शुगर जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया ।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा ने कहा कि मधुमेह एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें शरीर में रक्त शर्करा का स्तर बढ़ जाता है। इंसुलिन की कमी अथवा उसके प्रभावी उपयोग में बाधा इसके प्रमुख कारण हैं। इसे साइलेंट किलर भी कहा जाता है, क्योंकि शुरुआती अवस्था में कई बार इसके लक्षण दिखाई नहीं देते, लेकिन धीरे-धीरे यह आंखों, किडनी, हृदय और नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
उन्होंने कहा कि “मधुमेह की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बीमारी अक्सर शरीर में चुपचाप बढ़ती रहती है। हमारा प्रयास केवल मरीजों का उपचार करना नहीं, बल्कि बीमारी को गंभीर होने से पहले पहचानना और हर गांव को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। समय पर जांच, नियमित दवा और जीवनशैली में छोटा-सा बदलाव किसी व्यक्ति को जीवनभर की गंभीर जटिलताओं से बचा सकता है।”
उन्होंने कहा कि मधुमेह अब केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रह गई है। बदलती जीवनशैली, मोटापा, असंतुलित खानपान और शारीरिक निष्क्रियता के कारण युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। इससे बचाव के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट पैदल चलना, संतुलित भोजन करना, मीठे पेय पदार्थों से बचना, वजन नियंत्रित रखना तथा नियमित शुगर जांच कराना आवश्यक है। मधुमेह होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित दवा लेना भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमारी का इंतजार न करें, समय रहते जांच कराएं। जागरूकता, नियमित जांच और सही दिनचर्या ही स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव है।
यह शिविर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीकेश गुप्ता एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गिरिश कुर्रे के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच संतोष बंजारा, सुपरवाइजर शारदा पाठक, रजनी जॉन, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं पंचगण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.