
मुंगेली – ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संगठन विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से नई ज़िम्मेदारियाँ सौंपने का क्रम जारी है। इसी कड़ी में मोहम्मद अलीम मिर्जा को जिला अध्यक्ष की महत्वपूर्ण कमान सौंपी गई है। जैसे ही उनकी नियुक्ति की घोषणा हुई, जिलेभर से शुभकामनाओं और बधाइयों का दौर शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मिर्जा का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा संगठन की ओर से उन पर जताए गए भरोसे पर प्रसन्नता व्यक्त की।
फाउंडेशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद अलीम मिर्जा लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता जैसे क्षेत्रों में उनकी विशेष रुचि रही है। इन्हीं कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए संगठन ने उन्हें जिले की कमान सौंपने का निर्णय लिया है। संगठन का मानना है कि मिर्जा के नेतृत्व में जिले में जनसेवा को नई दिशा और गति मिलेगी।
नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में मिर्जा ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे फाउंडेशन की नीतियों और उद्देश्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। साथ ही सामाजिक समरसता, शिक्षा के प्रसार और कमजोर वर्गों की मदद के लिए विशेष अभियान चलाने की बात भी कही।
स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में फाउंडेशन जिले में अपने उद्देश्यों को और प्रभावी ढंग से पूरा करेगा।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
