
मुंगेली – छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव कल जिले के एकदिवसीय प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिले में आयोजित कई सामाजिक, पारिवारिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और विभिन्न स्थानों पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
नगर प्रवास के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव का भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्री सिंहदेव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की मजबूती और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

स्वागत के उपरांत पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ग्राम बाकी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय प्रेम सिंह के निवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय प्रेम सिंह के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद टी.एस. सिंहदेव लोरमी विकासखंड के नवागांव दयाली पहुंचे, जहां बाबा गुरुघासी दास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बाबा गुरुघासी दास जी के विचारों और संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब ने समाज को सत्य, अहिंसा और समानता का मार्ग दिखाया। उनके उपदेश आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकता व भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव का जिला प्रवास कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक रहा है। उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम में संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, आत्मा सिंह क्षत्रिय, दिलीप बंजारा, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, हेमेंद्र गोस्वामी, रोहित शुक्ला, अशोक चंद्राकर, इंद्रजीत कुर्रे आनद सोनी, काकू पठान सूरज यादव विष्णु खांडे सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
महिला कांग्रेस की ओर से मंजू शर्मा, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
