
मुंगेली— छत्तीसगढ़ शासन के श्रम, वाणिज्य, उद्योग एवं आबकारी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन गुरुवार को मुंगेली प्रवास पर रहे। इस दौरान वे देवांगन समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय माता परमेश्वरी महोत्सव के चौथे दिन आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही मंत्री देवांगन ने माता परमेश्वरी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और समाज सहित जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर अध्यक्ष सौरभ बाजपेई सहित जिले के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं कद्दावर नेता माता के दर्शन हेतु उपस्थित रहे। वहीं समाज की ओर से प्रदेश देवांगन समाज के अध्यक्ष प्रदीप देवांगन, प्रदेश महिला अध्यक्ष किरण देवांगन, प्रदेश संगठन मंत्री रवि देवांगन, प्रदेश करणी सेना अध्यक्ष आलोक सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है – लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि देवांगन समाज मेहनती, संस्कारवान और संगठित समाज है, जिसने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी भाईचारा, एकता और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज के लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह भी किया। मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने माता परमेश्वरी महोत्सव की भव्यता की सराहना करते हुए आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
युवाओं को मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान
प्रदेश देवांगन समाज के अध्यक्ष प्रदीप देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के युवाओं को मुख्यधारा से जुड़कर आगे आने की आवश्यकता है। जब युवा पीढ़ी सक्रिय रूप से समाज से जुड़ेगी, तभी समाज के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने आगामी जनगणना को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से आग्रह किया कि जनगणना में बुनकर एवं कोस्टा का उल्लेख अवश्य करें।
प्रदेश महिला अध्यक्ष किरण देवांगन ने माता परमेश्वरी महोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रदेश संगठन मंत्री रवि देवांगन ने सभी समाजजनों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए 11 जनवरी को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए अग्रिम बधाई दी। इस दौरान जिला अध्यक्ष आनंद देवांगन (अधिवक्ता) ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी लगाया गया निःशुल्क शिविर,40 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
महोत्सव के दौरान स्वास्थ्य विभाग, विकासखंड मुंगेली द्वारा भी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 40 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई एवं निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं।
शिविर में बीपी, शुगर, सिकल सेल स्क्रीनिंग, ब्लड ग्रुप जांच सहित अन्य परीक्षण किए गए। खण्ड चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार डॉ. हर्षा राय, हेमंत मिश्रा, स्टाफ नर्स रितु पात्रे, मल्लीका परविन, सीएचओ नम्रता बंजारा, फार्मासिस्ट सुनील साहू, लैब टेक्नीशियन सुनील राजपूत सहित स्वास्थ्य अमले का विशेष योगदान रहा।
समाज कल्याण विभाग द्वारा बुजुर्गों को छड़ी का किया वितरण
महोत्सव के चौथे दिन कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा जरूरतमंद बुजुर्गों को छड़ी का वितरण किया गया, जिस पर समाजजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिला सुरक्षा एवं बाल विवाह मुक्त समाज की शपथ
महोत्सव में जिला बाल संरक्षण अधिकारी अंजू बाला शुक्ला ने महिलाओं की सुरक्षा एवं बाल विवाह रोकथाम को लेकर समाजजनों को शपथ दिलाई। उन्होंने 18 वर्ष से पूर्व बालिका एवं 21 वर्ष से पूर्व बालक का विवाह न करने तथा शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
पांचवें दिन श्याम दीवाना ईशु का हुआ भव्य जागरण
महोत्सव के पांचवें दिन शुक्रवार रात्रि प्रसिद्ध भजन गायक श्याम दीवाना ईशु द्वारा भव्य भाव-जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गौरतलब है कि सात दिवसीय माता परमेश्वरी महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज सेवा और जनकल्याण का सशक्त मंच बनकर उभरा है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष आनंद देवांगन अधिवक्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु देवांगन, युवा टीम अध्यक्ष दुर्गेश देवांगन, प्रदेश मीडिया प्रभारी कोमल देवांगन, पार्षद निमेश देवांगन, रामकिशोर देवांगन, पार्षद प्रतिनिधि सत्तू देवांगन, सुदामा देवांगन, अजय देवांगन, शत्रुघ्न देवांगन, जगदीश देवांगन, अनिल देवांगन, ददुआ देवांगन, अमन देवांगन, बलराम देवांगन, भूपेंद्र देवांगन, रजत देवांगन, गोलू देवांगन, धनराज देवांगन, नानू देवांगन, भोलू, गज्जू, तशु,पल्ला , बीरू, दुर्गेश, कमलेश, यश, बजरंग सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम के लाइव वीडियो कोमल देवांगन मुंगेलिहा के साथ जुड़कर देख सकते है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
