
मुंगेली – नगर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया है। नगरवासी भगवान भोलेनाथ की आराधना और विभिन्न धार्मिक आयोजनों की तैयारियों में जुट गए हैं। शिव मंदिरों में विशेष सजावट, रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है। शिवभक्त बढ़-चढ़कर व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं, जिससे पूरे नगर में भक्तिमय माहौल दिखाई दे रहा है।
नगर के प्राचीनतम मंदिर खेमगीर बाबा, मल्हापारा में शिवरात्रि की तैयारियां लगभग एक सप्ताह पहले से ही प्रारंभ हो जाती हैं। मंदिर परिसर में रंग-रोगन, विद्युत सजावट, आकर्षक झांकियों की तैयारी और भोग-भंडारे की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। खेमगीर बाबा मंदिर सहित खर्राघाट गणेश शिव मंदिर और अन्य प्रमुख शिवालयों को भी भव्य रूप से सजाया जा रहा है।
समीपस्थ ग्राम रामगढ़ में भी शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले को लेकर समिति द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दुकानों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। जय महाकाल सेवा समिति के आयोजक दीना सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि लगातार नौवें वर्ष भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जा रही है। यह बारात मल्हापारा स्थित शंकर मंदिर (खेमगीर बाबा) से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए खर्राघाट पहुंचेगी। वहां भगवान शिव और माता पार्वती का विधिवत विवाह संपन्न कराया जाएगा।
बारात में शामिल श्रद्धालु अड़-भंगी वेशभूषा धारण कर नाचते-गाते महादेव के बाराती बनेंगे। ढोल-नगाड़ों, झांकियों और भक्ति गीतों के साथ पूरा नगर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठेगा। आयोजन के दौरान भव्य भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जो सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
