मुंगेली – जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने गुरुवाइनडबरी खरीदी केंद्र पहुँचकर कुल धान खरीदी, रकबा समर्पण एवं धान के भौतिक सत्यापन आदि के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान बिना जीपीएस युक्त वाहनों से धान परिवहन की शिकायत पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल जीपीएस युक्त अधिकृत वाहनों से ही धान का परिवहन किया जाए, किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने रकबा समर्पण में धीमी प्रगति पाए जाने पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। साथ ही धान खरीदी से संबंधित संतोषजनक जवाब नहीं देने पर लालपुर तहसीलदार एम.पी. कौशिक, नायब तहसीलदार प्रकाश यादव एवं आर.ए.ई.ओ. नेहा ध्रुव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की वास्तविक उपज की पूर्ण रूप से खरीदी सुनिश्चित की जाए। शेष बचे रकबे के दुरुपयोग को रोकने के लिए किसानों से सहमति लेकर रकबा समर्पण कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संचालित होनी चाहिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र खुड़िया का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने भौतिक सत्यापन एवं डीओ कटने की स्थिति की समीक्षा करते हुए हमाली के नाम पर किसानों से राशि लेने की शिकायत पर केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोचियों एवं बिचौलियों का धान किसी भी स्थिति में न खरीदा जाए। उन्होंने संदिग्ध केंद्रों में भौतिक सत्यापन कराने, उठाव में तेजी लाने, बिना गेट पास के वाहनों का परिवहन रोकने एवं सीसीटीवी से विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वहां धान विक्रय करने आए किसान जोगीराम से चर्चा कर केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। किसान जोगीराम ने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त आय से वे अपने बच्चों को इंजीनियरिंग की शिक्षा दिला रहे हैं तथा इस वर्ष लगभग 09 लाख रुपये का धान विक्रय किया है। कलेक्टर ने किसान की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, सहायक आयुक्त सहकारिया हितेश श्रीवास, सीसीबी नोडल संतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
