मुंगेली – नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा वार्ड क्रमांक 8 में सीसी सड़क निर्माण के लिए जारी की गई निविदा अब विवादों के घेरे में आ गई है। इस मामले में जनप्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल उठाते हुए नगर पालिका प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार जिस स्थान के लिए सड़क निर्माण की निविदा जारी की गई है, वहां पहले से ही सड़क मौजूद है। ऐसे में उसी स्थान के लिए दोबारा सड़क निर्माण की निविदा जारी होना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है।
दरअसल नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा 29 जनवरी 2026 को जारी प्रथम मैनुअल निविदा सूचना के तहत वार्ड क्रमांक 8 में झूलेलाल मंदिर के पास सीसी सड़क निर्माण कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। इस निर्माण कार्य की अनुमानित लागत 7 लाख 78 हजार रुपये निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया के अनुसार एकीकृत पंजीयन प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत ठेकेदारों से पीडब्ल्यूडी रोड एसओआर 01 जनवरी 2025 की अनुसूची के आधार पर कम, बराबर या अधिक प्रतिशत दर पर निविदाएं आमंत्रित की गई थीं।
निविदा के लिए 5 हजार 835 रुपये अमानत राशि तथा 750 रुपये निविदा प्रपत्र शुल्क तय किया गया है। निर्माण कार्य की अवधि दो माह निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026, निविदा प्रपत्र जारी करने की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 और निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026 निर्धारित की गई थी।
हालांकि निविदा जारी होने के बाद अब इस पर सवाल उठने लगे हैं। नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने इस मामले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस स्थान का उल्लेख निविदा में किया गया है, वहां पहले से ही सड़क बनी हुई है। ऐसे में उसी जगह पर दोबारा सड़क निर्माण के लिए निविदा निकालना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर यह सड़क कहां बनाई जाएगी। यदि जिस स्थान का उल्लेख किया गया है वहां पहले से सड़क बनी हुई है तो फिर दोबारा उसी स्थान के लिए निविदा निकालना जनता के पैसों की बर्बादी जैसा प्रतीत होता है। प्रशासन को इस मामले में पारदर्शिता बरतते हुए स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
इधर इस मामले में वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद मोहन मल्लाह ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर सड़क निर्माण का उल्लेख किया गया है वह क्षेत्र वार्ड क्रमांक 5 के अंतर्गत आता है, जबकि निविदा में वार्ड क्रमांक 8 दर्शाया गया है। इससे पूरे मामले में भ्रम और संदेह की स्थिति पैदा हो गई है। पार्षद मोहन मल्लाह का कहना है कि यदि वार्ड में कहीं नई सड़क बनानी है तो उसका सही स्थान स्पष्ट किया जाना चाहिए। जिस जगह पहले से सड़क बनी हुई है वहां दोबारा सड़क बनाने की बात समझ से परे है।
उन्होंने आगे कहा कि झूलेलाल मंदिर के पास का क्षेत्र शंकर वार्ड यानी वार्ड क्रमांक 5 में आता है, लेकिन टेंडर में इसे वार्ड क्रमांक 8 बताया गया है। यह गंभीर त्रुटि है, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पार्षद ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन इस निविदा को तत्काल निरस्त कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे।
इस मामले को लेकर अब स्थानीय नागरिकों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है और यदि किसी कार्य के लिए निविदा जारी की जाती है तो उसके स्थान और आवश्यकता की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले में नगर पालिका परिषद मुंगेली की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नगर पालिका प्रशासन इस विवाद पर क्या जवाब देता है और प्रस्तावित सीसी सड़क का वास्तविक स्थान आखिर कहां है। जब तक प्रशासन स्थिति स्पष्ट नहीं करता, तब तक यह निविदा कई सवालों के घेरे में बनी हुई है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
