मुंगेली – महाशिवरात्रि पर्व पर नगर सहित ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। खेमगीर बाबा मल्हापारा, खर्राघाट स्थित गणेश्वर महादेव मंदिर सहित नगर और आसपास के गांवों के शिव मंदिरों में भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालु हाथों में बेलपत्र, फूल और पूजा सामग्री लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए।

भोर से ही शिवालयों में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे। भक्तों ने दूध, दही, मधुरस, गंगाजल और पंचामृत से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिरों के साथ-साथ घरों में भी विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। महिलाओं ने व्रत रखकर परिवार की खुशहाली की कामना की, वहीं युवाओं और बच्चों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

खर्राघाट में लगा तीन दिवसीय मेला
महाशिवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खर्राघाट में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जो श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मेला समिति द्वारा इस बार तीन दिवसीय आयोजन रखा गया है। मेले में स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ दूर-दराज से आए व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें सजाईं। खिलौने, घरेलू सामान, श्रृंगार सामग्री और विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। बच्चों के लिए लगाए गए झूले और मनोरंजन के साधन विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। शाम ढलते ही मेले का नजारा और भी मनमोहक हो गया।

निकली भगवान शिव की भव्य बारात
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जय महाकाल सेवा समिति द्वारा मल्हापारा से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। आकर्षक झांकियों और सजे-धजे वाहन के साथ निकली बारात नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए खर्राघाट पहुंची। बारात में शिव-पार्वती और गणेश की झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही थीं। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
जगह-जगह हुआ प्रसाद वितरण
शिवरात्रि के अवसर पर नगर में विभिन्न स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। जय महाकाल सेवा समिति एवं शिव आराधना सेवा समिति सहित अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कुल मिलाकर महाशिवरात्रि पर्व पर मुंगेली नगर में आस्था, भक्ति और उत्सव का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न हुआ, जिससे नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा और अधिक सुदृढ़ होती नजर आई।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
