मुंगेली – जिला अस्पताल मुंगेली में मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं, ताकि गंभीर रोगियों को इलाज के लिए बाहर न भटकना पड़े। लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। मशीनें अस्पताल परिसर में मौजूद हैं, परंतु ऐसे किस कारणों की वजह से इसका उपयोग शुरू नही हो पा रहा यह आम जनमानस मे चर्चा का विषय है, लोगो की माने तो महज फीता काटने की औपचारिकता तो मुख्य वजह नहीं है , जिससे आम मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जिन हाथो उक्त मशीन का शुभारम्भ किया जाना है उनका दौरा दो से तीन बार टल चूका है
ताजा मामला जिला अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन मशीन का है। प्रशासन की सजगता से मशीन तो अस्पताल पहुंच गई, इंस्टालेशन भी पूरा हो चुका है, लेकिन उद्घाटन के अभाव में मशीन चालू नहीं हो पाई है। नतीजा यह है कि आज भी मरीजों को सीटी स्कैन के लिए निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उनसे मनमाने और दोगुने दाम वसूले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि जिलेवासियों द्वारा सीटी स्कैन मशीन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उम्मीद जगी थी कि मशीन लगने के बाद मरीजों को राहत मिलेगी, समय और पैसे दोनों की बचत होगी। लेकिन वर्तमान स्थिति में मशीन का अस्पताल में होना और न होना, दोनों लगभग समान प्रतीत हो रहा है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि गंभीर मरीजों के लिए समय सबसे अहम होता है, ऐसे में सिर्फ औपचारिकताओं के चलते मशीन का उपयोग न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे न केवल मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि सरकारी संसाधनों की भी बर्बादी हो रही है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या स्वास्थ्य सेवाएं फीता काटने की रस्मों की मोहताज हैं? और कब तक करोड़ों की मशीनें उद्घाटन के इंतजार में पड़ी-पड़ी कबाड़ बनती रहेंगी? जिलेवासी प्रशासन से जल्द से जल्द मशीन को चालू कराने की मांग कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
