
मुंगेली – नगर सहित ग्रामीण अंचलो में ध्वनि प्रदूषण और कोलाहल नियंत्रण को लेकर प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का असर अब बेअसर होता नजर आ रहा है। कुछ दिन तक नियमों का पालन करने के बाद डीजे संचालक फिर से अपनी मनमानी पर उतर आए हैं। शादी-विवाह के सीजन में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने कुछ समय पहले कोलाहल नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए थे। आदेश में निर्धारित समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे और साउंड सिस्टम बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। साथ ही डीजे संचालकों को ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा में रखने की हिदायत दी गई थी। शुरुआत में कुछ दिनों तक इन आदेशों का पालन होता भी दिखाई दिया, लेकिन अब हालात फिर पहले जैसे हो गए हैं।
शहर के कई इलाकों और ग्रामीण अंचलों में शादी समारोह और बारात के दौरान डीजे संचालक तेज बेस और उच्च ध्वनि स्तर के साथ संगीत बजा रहे हैं। देर रात तक चलने वाले इन डीजे से आसपास रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में सख्ती दिखाने की जरूरत है। यदि समय-समय पर कार्रवाई नहीं की गई तो डीजे संचालकों की मनमानी और बढ़ सकती है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ध्वनि प्रदूषण के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और नियम तोड़ने वाले डीजे संचालकों पर जुर्माना तथा अन्य कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन एक बार फिर इस मामले में कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और लोगों को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
