मुंगेली – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा वर्ष 2026 की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत त्वरित, सरल एवं सुलभ न्याय की दिशा में एक प्रभावी माध्यम है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा आपसी सौहार्द भी बना रहता है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मरावी के मार्गदर्शन में लोक अदालत के संबंध में मुंगेली, पथरिया, जरहागांव और लोरमी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बैनर, पोस्टर एवं प्रचार वाहनों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है। साथ ही थानों में उपस्थित पैरालीगल वॉलंटियर्स के जरिए भी आमजन को लोक अदालत के लाभों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती कंचन लता आचला ने बताया कि जिला न्यायालय परिसर मुंगेली, व्यवहार न्यायालय लोरमी तथा राजस्व न्यायालय मुंगेली, पथरिया, जरहागांव और लोरमी में एक ही दिन एवं एक ही समय पर नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में आपसी सहमति से प्री-लिटिगेशन एवं लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इनमें जलकर, नलकर, भूमिकर, संपत्तिकर, समेकित कर, विद्युत विभाग, टेलीकॉम, बैंक रिकवरी से संबंधित प्रकरणों के साथ ही राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, यातायात प्रकरण, दीवानी प्रकरण, राजस्व प्रकरण, पारिवारिक विवाद एवं चेक बाउंस से संबंधित मामलों का भी निराकरण किया जाएगा। इसके लिए अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु सहयोग प्रदान कर लोक अदालत को सफल बनाएं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
