
मुंगेली। शहर के शिक्षक नगर कॉलोनी (अम्बेडकर वार्ड) के रहवासियों ने होटल सिंग इंटरनेशनल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने लिखित ज्ञापन सौंपकर होटल प्रबंधन पर ध्वनि प्रदूषण और गंदगी फैलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि होटल में देर रात तक तेज आवाज में डीजे और लाउड स्पीकर का उपयोग किया जाता है, जो कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का उल्लंघन है। इससे क्षेत्र के बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों और पढ़ाई कर रहे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि रात में शांति भंग होने से उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इसके अलावा होटल प्रबंधन पर कचरा प्रबंधन में लापरवाही के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, होटल के किचन का बचा हुआ भोजन और अन्य अपशिष्ट सीधे सार्वजनिक नालियों में बहा दिया जाता है। इससे नालियां जाम हो चुकी हैं और पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि इस गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।
रहवासियों ने यह भी उल्लेख किया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लगातार अनदेखी से परेशान होकर अब उन्होंने कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग की है।
जनदर्शन में सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने होटल सिंग इंटरनेशनल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति व स्वच्छता सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी कदम उठाता है। ज्ञापन सौपने वाले मे दिनेश कुमार सोनी, गिरीश सुथार,एम एस राजपूत,निधि परिहार,श्रीरा जवरियत,ललित मोहन सोनी,सहित बड़ी संख्या मे वार्ड वासी रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
