
मुंगेली। शहर के वार्ड क्रमांक 15 में पेयजल व्यवस्था की बदहाल स्थिति ने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बसीर खान वार्ड में कोमल चौबे के घर के पास लगभग एक वर्ष पूर्व कराए गए बोर खनन के बावजूद आज तक उसे चालू नहीं किया जा सका है। निर्माण के बाद से ही बोर अनुपयोगी पड़ा हुआ है, जिससे वार्ड के लोगों को कोई लाभ नहीं मिल रहा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब बोर खनन किया गया था, तब उम्मीद जताई गई थी कि इससे वार्ड की पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी न तो मोटर पंप लगाया गया और न ही पाइपलाइन की कोई व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है और कई बार दूसरे वार्डो से पानी लाना मजबूरी बन गया है।

सूत्रों के अनुसार, वार्डवासी कई बार पार्षद से इस समस्या की शिकायत कर चुके हैं। हर बार उन्हें “10-12 दिनों में कार्य पूर्ण होने” का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर अविश्वास गहराने लगा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते बोर को चालू कर दिया जाता, तो वर्तमान जल संकट से काफी हद तक राहत मिल सकती थी। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर बोर को चालू कराने की मांग की है।
विडंबना यह भी है कि नगर पालिका के कुछ अन्य वार्डों में पानी सप्लाई शुरू होते ही सड़कों पर बहने लगता है, जिससे जल की भारी बर्बादी हो रही है। एक ओर लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पानी का यूं बहना व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
