
मुंगेली – बारिश के दौरान निर्माण कार्य के कारण उत्पन्न यातायात अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद मुंगेली ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पालिका ने मुंगेली-लोरमी मार्ग पर निर्माणाधीन स्वागत द्वार का कार्य आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
नगर पालिका द्वारा जारी आदेश के अनुसार पांच स्थानों पर स्वागत द्वार निर्माण के लिए 12 माह की समयावधि के साथ कार्यादेश दिया गया था। वर्तमान में मुंगेली-लोरमी मार्ग पर पालिका सीमा क्षेत्र के पास स्वागत द्वार का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर लगातार बारिश के कारण भारी वाहन फंसने लगे, जिससे आम नागरिकों और अन्य वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा था। बीते दिन एक भारी वाहन के फंसने से लंबा जाम लग गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिनांक 14 जुलाई 2026 को कलेक्टर मुंगेली द्वारा स्थल निरीक्षण के दौरान मार्ग अवरुद्ध मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका ने निर्माण एजेंसी को आदेश जारी करते हुए कहा कि पहले वैकल्पिक मार्ग की आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाए तथा अधोहस्ताक्षरकर्ता के अगले आदेश तक स्वागत द्वार का निर्माण पूरी तरह बंद रखा जाए।
पालिका ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुविधा और निर्बाध यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक वैकल्पिक मार्ग सुरक्षित और सुचारु नहीं हो जाता, तब तक निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गौरतलब है कि यातायात बाधित होने की घटना के बाद अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) ने भी मौके पर पहुंचकर निर्माण एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई थी और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे। प्रशासन की इस कार्रवाई को बारिश के दौरान जनसुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
