
मुंगेली – जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अनवरत बारिश में ही कलेक्टर कुन्दन कुमार ने ग्राम अखरार, कारीडोंगरी एवं खुड़िया क्षेत्र का व्यापक मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रामीण अधोसंरचना तथा बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम अखरार में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण कर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन बाजार शेड के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा विद्यालय परिसर में खराब पड़े हैंडपंप को तत्काल सुधारकर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के लिए पेयजल व्यवस्था बहाल करने को कहा।

कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली और कृषि कार्यों में किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने ग्राम में प्रस्तावित नवीन स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपयुक्त शासकीय भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उप स्वास्थ्य केंद्र अखरार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर में स्थित जर्जर भवनों को पूरी तरह ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए कारीडोंगरी पहुंचकर मनियारी नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम दरवाजा और कारीडोंगरी को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का जायजा लिया तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खुड़िया डेम का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को मानसून के दौरान आवश्यक सतर्कता बरतने, सुरक्षा प्रबंध सुदृढ़ करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित पेयजल, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, मजबूत आधारभूत अधोसंरचना और नागरिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करते हुए सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल राम रावटे, एसडीएम लोरमी अजीत पुजारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
