मुंगेली – जिले की ग्राम पंचायतों में लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव और गंदगी की समस्या गंभीर होती जा रही है। गांवों की सड़कों, गलियों और नालियों में बरसाती पानी जमा होने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जगह-जगह जलभराव के कारण मच्छरों, मक्खियों और अन्य बरसाती कीट-पतंगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे संक्रामक एवं जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थिति यह है कि कई पंचायतों में वर्षों पहले बनी निम्न गुणवत्ता की नालियां पूरी तरह जाम या क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। नालियों का गंदा पानी सड़कों और घरों के आसपास फैल रहा है, जिससे दुर्गंध के साथ लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कुछ पंचायत क्षेत्रों में नालियों के भीतर से ही पेयजल की पाइपलाइन बिछाई गई है। ऐसे में नालियों का दूषित पानी पाइपलाइन तक पहुंचने की आशंका बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
यह समस्या केवल दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक सीमित नहीं है, बल्कि जिला मुख्यालय से महज 8 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कई ग्राम पंचायतों में भी यही हालात देखने को मिल रहे हैं। बारिश के मौसम में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायतों को समय-समय पर विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित पंचायतों का निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था, नालियों की मरम्मत, साफ-सफाई तथा पेयजल पाइपलाइन की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि बारिश के मौसम में संभावित बीमारियों और जनस्वास्थ्य संबंधी संकट से लोगों को राहत मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
