रायपुर – पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय मीडिया अध्ययन दौरे के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया से जुड़े 12 पत्रकारों तथा पत्र सूचना कार्यालय के दो अधिकारियों का दल रविवार शाम रायपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ। अध्ययन दौरा 20 से 24 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।
पत्रकारों का यह अध्ययन दौरा उन्हें देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, आधुनिक तकनीकी संस्थानों तथा राष्ट्रीय महत्व के स्थलों से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। इससे मीडिया प्रतिनिधियों को विकासोन्मुखी विषयों की गहन समझ विकसित करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर तथ्यपरक और संतुलित रिपोर्टिंग करने में सहायता मिलेगी।
दौरे के दौरान मीडिया दल अहमदाबाद स्थित पत्र सूचना कार्यालय का भ्रमण करेगा। साथ ही महात्मा गांधी के प्रथम सत्याग्रह आश्रम कोचरब आश्रम, देश की महत्वाकांक्षी मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना तथा साबरमती मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब का अवलोकन कर आधुनिक परिवहन अवसंरचना और उससे जुड़े विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करेगा।
दल लोथल में सिंधु घाटी सभ्यता की ऐतिहासिक विरासत तथा विकसित किए जा रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का अवलोकन करेगा। इसके अलावा माइक्रोन सेमीकंडक्टर संयंत्र में भारत के उभरते सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र एवं अत्याधुनिक तकनीक से परिचित होगा।
अध्ययन दौरे के दौरान आणंद स्थित अमूल डेयरी के सफल सहकारी मॉडल तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) रिफाइनरी की आधुनिक ऊर्जा एवं शोधन प्रक्रियाओं का भी अध्ययन किया जाएगा। मीडिया प्रतिनिधि विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार सरोवर बाँध का भ्रमण कर जल संसाधन प्रबंधन, सिंचाई, ऊर्जा उत्पादन और पर्यटन विकास के विभिन्न आयामों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में दल राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय में फॉरेंसिक विज्ञान, साइबर सुरक्षा एवं अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से अवगत होगा। इसके बाद गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) का भ्रमण कर भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र तथा वित्तीय प्रौद्योगिकी के विकसित होते पारिस्थितिकी तंत्र को समझेगा।
पत्र सूचना कार्यालय का यह अध्ययन दौरा मीडिया प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय विकास, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगा। इससे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक विकास से जुड़ी प्रमाणिक, तथ्यपरक और जनोपयोगी जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में सहायता मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
