मुंगेली। नगर में शाम ढलते ही चौक-चौराहों और सुनसान गलियों में नशेड़ियों का जमावड़ा लगना इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। खासकर दाऊपारा चौक और उसके आसपास स्थित सुनसान स्थानों एवं खाली पड़े कॉम्प्लेक्स में नशेड़ियों की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। शराब, गांजा और नशीले इंजेक्शनों के सेवन के बाद ये लोग आपस में गाली-गलौज करने के साथ ही आसपास के दुकानदारों और राह चलते लोगों को भी परेशान करते हैं। इससे इन स्थानों पर रोजी-रोटी के लिए व्यवसाय करने वाले लोगों में असुरक्षा और परेशानी का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के कारोबार और नशेड़ियों पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता रहा है। इसके बावजूद शहर के कुछ चिन्हित स्थानों पर नशेड़ियों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शाम होते ही ठंड के मौसम में जल्दी अंधेरा छा जाने के कारण लोग अपने कामकाज निपटाकर घरों की ओर लौटने लगते हैं। ऐसे में इन स्थानों पर आवाजाही कम हो जाती है, जिसका फायदा उठाकर नशेड़ी सुनसान जगहों को अपना अड्डा बना लेते हैं।
दाऊपारा चौक से लगा नगर पालिका का पुराना कॉम्प्लेक्स सहित चौक से लगी गली इन लोगों के पसंदीदा ठिकानों में शामिल बताया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर मिल रही शिकायतों के बाद कुछ समय पहले पुलिस द्वारा शाम के वक्त नियमित गश्त की जाती थी। इसका असर भी देखने को मिला और कुछ महीनों तक ऐसी गतिविधियों में कमी आई थी। लेकिन समय बीतने के साथ एक बार फिर इन स्थानों पर नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शाम के समय नियमित पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि नगरवासियों और व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.