मुंगेली – ऊँचे ब्याज दर पर रकम देने वाले सूदखोरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कहीं राजनीतिक रसूख का हवाला तो कहीं ऊँची पहुँच का संरक्षण—इन सबके सहारे ऐसे लोग बेखौफ़ होकर अपने अवैध कारनामों को अंजाम दे रहे हैं। बिना किसी व्यवहारी लाइसेंस के यह लोग 5 से 10 प्रतिशत तक की ऊँची दर पर ज़रूरतमंद लोगों को रकम मुहैया कराते हैं और बदले में उन्हें कर्ज़ के जाल में उलझा देते हैं।
आर्थिक संकट से जूझ रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इन सूदखोरों का आसान निशाना बनते हैं। तत्काल पैसे की आवश्यकता में वे इनसे कर्ज़ लेते तो हैं, लेकिन थोड़े ही समय में ब्याज की भारी रकम चुकाने में असमर्थ हो जाते हैं। कई मामलों में उधार देने वाले दबाव, धमकी और मानसिक उत्पीड़न का सहारा लेकर कर्जदारों से रकम वसूलते देखे गए हैं। कुछ पीड़ितों ने तो यहाँ तक बताया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण इनके विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाना भी कठिन हो जाता है।
सूदखोरी का धंधा कानूनी रूप से प्रतिबंधित होने के बावजूद प्रशासन की ढीली निगरानी और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर असुरक्षा की भावना ने इन्हें और अधिक साहसिक बना दिया है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन ऐसे अवैध मनी लेंडर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाए, पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और क़ानूनी सहायता उपलब्ध कराए। सामाजिक संगठनों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर ही उन्हें सूदखोरी के चंगुल से बचाया जा सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
