मुंगेली – नगर में सड़क चौड़ीकरण को लेकर चल रही कार्यवाही के बीच मंगलवार को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में एक नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम की कार्रवाई उस समय अचानक रुक गई, जब नगर पालिका अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और बुलडोजर की दिशा ही बदलवा दी। पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ के बीच काफी देर तक गहमागहमी और तीखी बहस का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत प्रशासन की टीम पुराना बस स्टैंड स्थित अपोलो फार्मेसी की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और संबंधित दुकान संचालक से अपनी व्यक्तिगत पहचान और संबंधों का हवाला देते हुए कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान अतिक्रमण दस्ते में शामिल अधिकारियों और अध्यक्ष के बीच जमकर कहासुनी हुई, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।
गौरतलब है कि इसी दुकान पर करीब तीन माह पूर्व भी नगरपालिका एवं प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। उस समय दुकान के कुछ हिस्सों को तोड़ा गया था, लेकिन समय बीतने के साथ दुकान को पुनः व्यवस्थित कर लिया गया। इसी को लेकर एक बार फिर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की तैयारी की गई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित दुकान पर नोटिस भी चस्पा किया गया था। हालांकि दुकान संचालक का कहना था कि उन्हें कोई आधिकारिक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। इसी बात को लेकर मौके पर विवाद की स्थिति बनी रही और दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रखते नजर आए।
इस दौरान मौके पर मौजूद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुंगेली ने फिलहाल कार्रवाई को स्थगित करते हुए संबंधित पक्ष को दो दिनों का समय प्रदान किया।
इस घटनाक्रम के बाद नगर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग प्रशासनिक कार्रवाई में जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे मानवीय आधार पर लिया गया निर्णय भी बता रहे हैं। फिलहाल दो दिन बाद इस मामले में क्या रुख अपनाया जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
