
मुंगेली — लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर प्रशासन की सख्ती सामने आई है, जिसने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि नियमों से ऊपर कोई नहीं है। चाहे रसूख कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तय है। इसी कड़ी में नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए कड़ा रुख अपनाया।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका, राजस्व विभाग और नजूल विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह वार्ड क्रमांक 2 में अवैध रूप से किए गए निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार और प्रशासनिक निगरानी में की गई। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

गौरतलब है कि इससे पूर्व नगर पालिका द्वारा संबंधित निर्माणकर्ता रुचि जैन को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि निर्माणकर्ता द्वारा निर्धारित अनुमति से अधिक निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही नजूल भूमि पर भी निर्माण किए जाने की शिकायतें लगातार नगर पालिका को मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर नगर पालिका और राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
जांच रिपोर्ट में यह सामने आया कि निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुरूप नहीं था और अनुमति की शर्तों का उल्लंघन किया गया है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई का निर्णय लिया गया। सोमवार सुबह प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और बुलडोजर की मदद से अवैध हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को देखने पहुंचे। हालांकि, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध निर्माण को हटाया गया।
इस पूरे मामले में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित निर्माण में अनुमति से अधिक निर्माण किया गया था और नजूल भूमि पर भी अतिक्रमण पाया गया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को इस संबंध में शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद जांच कराई गई। जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है।

सीएमओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माण की शिकायतों की जांच की जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर में यह संदेश गया है कि अब अवैध निर्माण करने वालों पर किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
