मुंगेली – किसानों के हितों और विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आगामी 16 जून को कलेक्ट्रेट घेराव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता किसान आज सरकार की नीतियों और तुगलकी फरमानों से हताश और निराश हैं। किसानों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) से जुड़ी समस्याओं, खाद की कालाबाजारी और आवश्यक कृषि संसाधनों की उपलब्धता को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले किसान ही परेशान रहेंगे, तो इसका सीधा असर कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि प्रधान प्रदेश होने के बावजूद किसानों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं जिले में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से भी आमजन और ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता का माहौल है। इन मुद्दों के साथ-साथ अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतर रही है।
घनश्याम वर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 16 जून को होने वाले कलेक्ट्रेट घेराव के माध्यम से सरकार और प्रशासन का ध्यान जनसमस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा तथा किसानों को न्याय दिलाने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
