महज कुछ दिनों की बिक्री की अनुमति से पटाखा व्यापारियों को नुकसान की आशंका, इस बार दुकानों की संख्या घटने के आसार
मुंगेली। दीपावली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बच्चों में पटाखों को लेकर उत्साह बढ़ने लगा है। दशहरा पर्व के आसपास ही बाजार में पटाखों की पूछपरख शुरू हो जाती है, जो देवउठनी एकादशी तक बनी रहती है। ऐसे में दीपावली के दौरान पटाखों की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन द्वारा पटाखा कारोबारियों को सीमित अवधि के लिए बिक्री की अनुमति दिए जाने से व्यापारियों की परेशानी बढ़ने लगी है। कारोबारियों का कहना है कि कम समय मिलने के कारण न तो पर्याप्त मात्रा में पटाखों की खरीदी हो पाती है और न ही कारोबार को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने का अवसर मिलता है।
गौरतलब है कि बीते वर्ष मुंगेली में लगभग 30 से 35 पटाखा दुकानें संचालित हुई थीं। हालांकि, इस बार दुकानों की संख्या में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। पटाखा कारोबार से जुड़े कुछ दुकानदारों के अनुसार, सीमित अवधि में बिक्री की अनुमति, बचा हुआ स्टॉक और कारोबार में बढ़ती अनिश्चितता इसके प्रमुख कारण हैं।
व्यापारियों का यह भी कहना है कि स्थायी लाइसेंसधारियों द्वारा खुदरा बिक्री किए जाने के साथ ही शहर के बीच कुछ स्थानों पर पटाखों की बिक्री होने की बात भी सामने आती रही है। ऐसे में निर्धारित स्थानों पर दुकान लगाकर कारोबार करने वाले व्यापारियों के सामने प्रतिस्पर्धा और आर्थिक नुकसान की आशंका बनी रहती है।
दुकानदारों के मुताबिक, पटाखों की खरीदी के लिए बाहर से माल मंगाने, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं में समय लगता है। लेकिन बिक्री के लिए कुछ ही दिन मिलने से पर्याप्त तैयारी नहीं हो पाती। वहीं, निर्धारित अवधि में पूरा माल नहीं बिकने पर बचा हुआ स्टॉक आर्थिक नुकसान का कारण बनता है। इसी वजह से कई लोग अब पटाखा व्यवसाय से दूरी बनाने लगे हैं।
व्यापारियों का मानना है कि सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए बिक्री अवधि को व्यावहारिक बनाया जाए, ताकि कारोबारियों को राहत मिल सके और दीपावली के दौरान आम लोगों को भी निर्धारित स्थानों पर आसानी से पटाखे उपलब्ध हो सकें।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.