
मुंगेली – पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में मुंगेली जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। एक दिवसीय प्रवास पर जिला पहुंचे संभागायुक्त सुनील जैन ने गीधा बायपास रोड पर पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और अमलतास के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया। इस अवसर पर संभागायुक्त श्री जैन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे विकसित होने वाला हरित आवरण पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत करेगा, प्रदूषण कम करेगा तथा नागरिकों को स्वच्छ और सुखद वातावरण उपलब्ध कराएगा।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से गीधा बाईपास में अमलतास के पौधे का रोपण किया गया है। यह भविष्य में जिले की पहचान बनने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण भी बनेगा। वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार ने बताया कि अभियान के अंतर्गत अमलतास का पौधा लगाया गया है। अमलतास के वृक्ष गर्मी के मौसम में अपने सुनहरे पीले फूलों से पूरे मार्ग को आकर्षक और मनोहारी स्वरूप प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिला प्रशासन एवं वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
