मुंगेली – जिले में नव पदस्थ कलेक्टर के कार्यभार संभालने के बाद आयोजित पहले जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। लंबे समय से निराकरण की उम्मीद लगाए बैठे लोगों ने नए कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्याओं के समाधान और न्याय की गुहार लगाई। जनदर्शन में नजर आई भीड़ ने यह साफ संकेत दिया कि जिले के लोगों को नए प्रशासन से काफी उम्मीदें हैं।

जनदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हितग्राहियों ने राजस्व, पेंशन, आवास, राशन, जमीन संबंधी विवाद, शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिलने सहित अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे। कई हितग्राहियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए जल्द निराकरण की मांग की। नए कलेक्टर के समक्ष सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिलने से फरियादियों में भी उम्मीद दिखाई दी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देने के बाद भी कई हितग्राहियों को अपेक्षित राहत नहीं मिलने की शिकायतें सामने आती रही हैं। समस्या के निराकरण में देरी के कारण कई फरियादी संबंधित कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर होते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 कई हितग्राहियों के लिए अपनी शिकायत दर्ज कराने का वैकल्पिक सहारा बनती नजर आई।
हालांकि नव पदस्थ कलेक्टर द्वारा जिले की कमान संभालने के बाद आयोजित पहले जनदर्शन में उमड़ी भीड़ ने प्रशासन से लोगों की उम्मीद को सामने ला दिया। अब हितग्राहियों को उम्मीद है कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर महज औपचारिक कार्रवाई न होकर समय-सीमा में ठोस निराकरण किया जाएगा। फरियादियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि नए प्रशासन के दौर में जनदर्शन वास्तव में आम लोगों को राहत और न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम बन पाता है या नहीं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.