मुंगेली – नगर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी जिन कंधों पर रहती है, वे सफाईकर्मी बारिश के मौसम में भी बिना किसी शिकायत के अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। बरसात के दौरान पानी और कीचड़ के बीच काम करने वाले इन श्रमवीरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से उनकी मुश्किलें बढ़ जाती हैं। कई सफाईकर्मी बिना दस्ताने और रेनकोट के ही रोजमर्रा के काम में जुटे नजर आते हैं।
गौरतलब है कि प्रातःकाल से ही सफाईकर्मी नगर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कार्य में जुट जाते हैं। बारिश के दिनों में कचरा गीला होने के कारण उसे उठाना और अलग करना अधिक जोखिम भरा हो जाता है। कचरे के ढेर में छिपे धारदार ब्लेड, कांच के टुकड़े, लोहे के तार और अन्य नुकीली वस्तुओं से हाथ-पैर में चोट लगने की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा बारिश के पानी और गंदगी के संपर्क में रहने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।
इन परिस्थितियों के बावजूद सफाईकर्मी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते और नगर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कहना है कि काम के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध हों तो दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से काफी हद तक बचा जा सकता है।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले इन श्रमवीरों के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना जरूरी है। नगर निकाय को सफाईकर्मियों को नियमित रूप से दस्ताने, गमबूट, मास्क, रेनकोट सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही इनके उपयोग की भी निगरानी करनी चाहिए। स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने वाले इन श्रमवीरों की सुरक्षा भी व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.