मुंगेली – संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने विभिन्न ब्लॉकों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती मिलेगी और कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकेगा।
जारी नियुक्ति सूची के अनुसार संजय यादव, अशोक चंद्राकर, संपत जायसवाल, अरुण कुलमित्र, नरेश पाटले एवं मनीष त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों का प्रभारी बनाया गया है। सभी प्रभारी अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में नियमित प्रवास कर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे तथा आमजन के बीच कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। प्रत्येक प्रभारी पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक सशक्त बनाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में पार्टी ने संगठन और मीडिया में पूर्व में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए नवनीत शुक्ला को एक बार फिर जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति को संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण और प्रभावी कार्यशैली का सम्मान माना जा रहा है।
नियुक्ति के बाद नवनीत शुक्ला ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा एवं पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए वे पूरी सक्रियता से कार्य करेंगे।
वहीं, सभी नव-नियुक्त प्रभारियों ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा आगामी चुनावों में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
