
मुंगेली – नगर पालिका परिषद मुंगेली इन दिनों अपने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर चर्चा में है। एक ओर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं से शहरवासियों को बेहतर सुविधाओं की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्यों में सामने आ रही अनियमितताओं ने इन उम्मीदों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दाऊपारा चौक से कलेक्टर निवास तक लगभग 51 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे फुटपाथ निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी गंभीर खामियां मिलने के बाद नगर पालिका ने संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पालिका प्रशासन ने ठेकेदार को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने तथा सभी कमियों को दूर कर फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन जमा करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान कई गंभीर तकनीकी कमियां सामने आईं। इनमें पेवर ब्लॉक का धंसना, बेस तैयार करने का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होना, मिट्टीयुक्त रेत का उपयोग तथा पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) कार्य में अनियमितता शामिल है। इन खामियों को निर्माण की गुणवत्ता के लिए गंभीर माना गया है।

पालिका ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों का सुधार नहीं किया गया, तो संबंधित कार्य का भुगतान रोक दिया जाएगा तथा ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर के गौरवपथ एवं गार्डन चौपाटी से जुड़े निर्माण कार्यों को लेकर सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में फुटपाथ निर्माण में सामने आई खामियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब शहरवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पालिका प्रशासन गुणवत्ताहीन निर्माण के मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करता है।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
