मुंगेली – शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में बुधवार को यातायात शाखा मुंगेली में व्यवसायियों, वाहन चालक संघ, ऑटो संघ एवं बस यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुंगेली चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, व्यवसायीगण, ड्राइवर संघ अध्यक्ष महेश जायसवाल, ऑटो संघ अध्यक्ष गज्जू पात्रे सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में शहर में बढ़ती यातायात समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। व्यवसायियों एवं वाहन संघों ने यातायात व्यवस्था सुधारने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने पर सहमति जताई। निर्णय लिया गया कि शहर के दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का कम से कम 10 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखेंगे। कैमरे इस प्रकार लगाए जाएंगे, जिससे सड़क और आसपास की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें।

बैठक में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के शहर प्रवेश पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। दुकानदारों से दुकानों के सामने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने तथा पीली और सफेद पट्टी के भीतर ही वाहन खड़े कराने की अपील की गई। बस चालकों को निर्धारित स्थान पर ही यात्रियों को उतारने-बैठाने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को नहीं बैठाने की समझाइश दी गई। वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत भी दी गई।

साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
बैठक के दौरान साइबर जागृति अभियान के तहत लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने की जानकारी दी गई। “मैं जागरूक हूँ, साइबर क्राइम से मुक्त हूँ” संदेश के साथ सेल्फी लेकर लोगों ने जागरूकता का संदेश दिया।
व्यवसायियों ने चौक-चौराहों से मवेशियों को हटाने, ऑटो के लिए पार्किंग स्थल, कलेक्टर कार्यालय के सामने प्रकाश व्यवस्था, दाऊपारा चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय तथा हाथ ठेला-फेरी वालों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने जैसे सुझाव भी दिए। बैठक में यातायात प्रभारी उप निरीक्षक संतोष शर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.