
मुंगेली – प्रशासनिक बैठकों और समय-सीमा की समीक्षा के बावजूद मुंगेली शहर की सड़कों पर घूमंतू मवेशियों की समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है। सड़कों पर मवेशियों का जमावड़ा वाहन चालकों के लिए परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का बड़ा कारण बन रहा है। प्रशासन की ओर से समय-समय पर मवेशियों को सड़कों से हटाने और पशु मालिकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। बताया जाता है कि पूर्व में सड़कों पर पालतू मवेशियों को खुला छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की बात सामने आई थी, लेकिन अब तक किसी पशु मालिक पर प्रभावी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। इससे प्रशासनिक निर्देशों के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं।

किन जगहों पर होता हैं जमावड़ा –
शहर में कलेक्ट्रेट, एलआईसी कार्यालय, एसपी कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग, आरईएस कार्यालय जाने वाले मार्ग, कलेक्ट्रेट निवास, न्यायालय के सामने मुख्य सड़क तथा पुलों के आसपास घूमंतू मवेशियों का जमावड़ा अधिक देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि कई बार ये मवेशी सरकारी कार्यालयों और अधिकारियों के आवास के आसपास भी बैठे नजर आते हैं।

मालिकों की पहचान में भी परेशानी
मवेशियों की पहचान के लिए टैग लगाने और उनके मालिकों तक पहुंचने की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन जमीन पर यह व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आ रही है। बारिश और रिमझिम फुहार के बीच सड़क पर बैठे मवेशी दूर से वाहन चालकों को स्पष्ट दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक सामने आने वाले मवेशियों से टक्कर होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों से घूमंतू मवेशियों को हटाने के साथ पशु मालिकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
