
जिला मुंगेली:- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिला मुंगेली पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” के तहत जिले के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव तथा कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 19.08.2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दशरंगपुर तथा 20.08.2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोना, थाना जरहागांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 1000 विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशा मुक्ति एवं नशे के दुष्प्रभाव, नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों एवं परिवारजनों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, यातायात नियमों का पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की जानकारी दी गई।
पुलिस विभाग द्वारा विद्यार्थियों को POCSO एक्ट एवं नए आपराधिक कानूनों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। बच्चों को अपने अधिकारों, सुरक्षा एवं किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ पुलिस अधिकारियों व टीम के साथ “जागरूकता की एक सेल्फी” ली तथा सोशल मीडिया व आमजन के बीच साइबर सुरक्षा का सकारात्मक संदेश फैलाने का संकल्प व्यक्त किया। मुंगेली पुलिस द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे “साइबर जागृति अभियान” का संदेश अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाएं और स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहते हुए दूसरों को भी जागरूक करें। जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.