मुंगेली – जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान जलभराव की बढ़ती समस्या अब पंचायती राज व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। अधिकांश गांवों में सड़कों पर पानी भर जाना आम बात बन गई है। बारिश के दिनों में ग्रामीणों को कीचड़ और जलभराव से होकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बनी इस स्थिति से ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों और पंचायत व्यवस्था के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान गांवों के विकास, पक्की सड़क, नाली निर्माण और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही अधिकांश घोषणाएं ठंडे बस्ते में चली जाती हैं। कई पंचायतों में सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए लाखों रुपये का बजट स्वीकृत होने के बावजूद आज भी ग्रामीण बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझने को मजबूर हैं।
इसी प्रकार की स्थिति पर मुंगेली जनपद के ग्राम नीरजाम के ग्रामीण देवराज साहू ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव की गलियां और सड़कें पानी से लबालब हैं। कई स्थानों पर पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लंबे समय तक जलभराव बना रहता है। इससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्प लाईन मेँ भी की जा चुकी हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी के लगातार जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से गांव में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। अब देखना होगा कि प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या का समाधान कितनी शीघ्रता से कर पाते हैं।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
