
मुंगेली – जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उन्हें स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से आज पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय, दाऊपारा, मुंगेली में “जेन जेड अगेंस्ट एडिक्शन–नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ समाज को भी जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने उपस्थित विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र का नुकसान करता है। आज देश का युवा यदि नशे से दूर रहेगा, तो वह अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में लगाएगा। उन्होंने कहा कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने सभी युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गोकुल रावटे ने कहा कि नशा मुक्ति को केवल एक अभियान न मानकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने “नशा मुक्त मुंगेली” को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ पार्टी प्रतिनिधि दीनानाथ केशरवानी ने कहा कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने तथा नशामुक्ति अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। साथ ही विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक दुष्परिणामों का प्रभावशाली मंचन किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। कार्यक्रम में युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह माई भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य देशभर में एक करोड़ से अधिक युवाओं को जोड़कर वर्ष 2047 तक नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प साकार करना है। अभियान के अंतर्गत जेन जेड अगेंस्ट एडिक्शन–नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान”
तथा नशा मुक्ति संकल्प जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को वॉकथॉन, खेल प्रतियोगिताएं, योग एवं ध्यान शिविर, नुक्कड़ नाटक तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को माई भारत पोर्टल के माध्यम से डिजिटल नशामुक्ति शपथ लेने एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पीएम श्री सेजेस दाऊपारा, पीएम श्री बी.आर. साव विद्यालय तथा सरस्वती विद्यालय के लगभग 300 राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सौरभ वाजपेयी, रामशरण यादव, सुनील पाठक, मिठ्ठूलाल यादव, अरविंद राजपूत, दुष्यंत दुबे सहित एसडीएम अजय शतरंज, तहसीलदार कुनाल पाण्डेय, जिला खेल अधिकारी संजय पाल, बीईओ श्रीमती विमित्रा धृतलहरे, बीआरसीसी सूर्यकांत उपाध्याय, बीआरसी नेमीचंद भास्कर, जे.पी. मिश्रा कॉलेज ऑफ साइंस के प्राचार्य डॉ. शोभित वाजपेयी, एस.एन.जी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रजत दुबे, पीएम श्री सेजेस दाऊपारा की प्राचार्या श्रीमती लीला श्रीवास्तव, उपप्राचार्य राजेन्द्र क्षत्रीय तथा पीएम बी.आर. साव विद्यालय के उपप्राचार्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पीएम श्री बी.आर. साव विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी यशवंत दिवाकर, सरस्वती विद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी एवं एनसीसी अधिकारी रविराज आडिल, कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार शर्मा, पीएम श्री सेजेस दाऊपारा के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी राहुल वर्मा तथा एनएसएस जिला संगठक डॉ. एन.के. पुरले के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन जिला खेल अधिकारी संजय पाल ने किया।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
