
मुंगेली – मित्रता दिवस के अवसर पर ‘स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी’ ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली अभियान के दसवें वर्ष के पांचवें चरण को सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस दौरान संस्था द्वारा पुलिस लाईन रोड में नीम, कदम, जामुन, कटहल, गुलमोहर जैसे फलदार एवं छायादार 40 पौधों का रोपण कर उन्हें “फ्रेंडशिप बेल्ट” बाँधकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। इस पहल के माध्यम से संस्था ने संदेश दिया कि सच्ची मित्रता केवल इंसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि वृक्ष भी हमारे सबसे निस्वार्थ और सच्चे मित्र हैं, जो बिना किसी अपेक्षा के हमें प्राणवायु, छाया, फल और स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल हमें प्राणवायु ही नहीं देते, बल्कि सम्पूर्ण जीवन चक्र को संतुलित बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्षा, जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, मिट्टी के कटाव की रोकथाम तथा जैव विविधता के संरक्षण का आधार वृक्ष ही हैं। आज मित्रता दिवस पर यदि हम प्रकृति से सच्ची मित्रता का संकल्प लेते हुए एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का दायित्व निभाएं, तो यही इस दिवस का सबसे सार्थक संदेश होगा।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य गिरीश सुथार एवं कोमल चौबे ने भावुक अपील करते हुए कहा कि अब समय केवल प्रकृति से लेने का नहीं, बल्कि उसे लौटाने का है। प्रकृति ने हमें शुद्ध वायु, जल, अन्न और जीवन प्रदान किया है, इसलिए हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम उसके संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। आइए, इस मानसून कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं, उसकी देखभाल का संकल्प लें और अपनी मातृभूमि के आँचल को फिर से हराभरा एवं समृद्ध बनाने में योगदान दें।
अभियान के पाँचवें चरण के प्रभारी राहुल मल्लाह एवं सह प्रभारी पवन यादव ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। इसी उद्देश्य को लेकर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी पिछले दस वर्षों से निरंतर “हरियर मुंगेली – सुघ्घर मुंगेली” अभियान के माध्यम से वृक्षारोपण के साथ-साथ जनजागरूकता और पौधों के संरक्षण का कार्य कर रही है। संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दें।
इस अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो के संयोजक रामपाल सिंह, सह संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, दिनेश गोयल, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, मुकेश पांडेय, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, कोमल चौबे, आशीष सिंह, धीरज जैन, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, संदीप सिंह, आर्या सिंह, रवि साहू, वासु पांडेय, वैभव ताम्रकार, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, चित्रकान्त सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, दिलबाग सिंह, रघुराज सिंह, परमेश्वर देवांगन, सुरेश यादव सहित नगर के पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, नितेश लालवानी, प्रद्युम्न सिंह, सागर वैष्णव, आदर्श केशरवानी, प्रकाश दुबे, धनेश्वर साहू, डोमन साहू उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
