
मुंगेली – अन्य जिलों की तरह अब मुंगेली जिले में भी पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों में बेचैनी और उतावलापन साफ नजर आने लगा है। शुक्रवार सुबह से ही शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जो समय के साथ और बढ़ती चली गईं। स्थिति यह रही कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ कई लोग हाथों में 10 से 20 लीटर तक के गैलन लेकर ईंधन भरवाने पहुंचे।
ग्रामीण क्षेत्रों में इसको लेकर अधिक उत्सुकता देखने को मिल रही है। बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने की होड़ मची हुई है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ईंधन जमा कर रहे हैं, जिससे कालाबाजारी के हालात बन सकते हैं। इस तरह की गतिविधियों से न केवल बाजार व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरा बढ़ गया है। घरों और असुरक्षित स्थानों पर पेट्रोल-डीजल का भंडारण किसी अनहोनी को भी जन्म दे सकता है।
“ इधर, जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर पेट्रोल पंप संचालकों से जानकारी ली जा रही है और भंडारण पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक होकर अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रह न करें।
प्रशासन का कहना है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। ऐसे में लोगों को संयम बनाए रखने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की सलाह दी गई है, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।“

The News Related To The News Engaged In The Sangwari Chhattisgarh Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
